Champawat Fire: भूस्खलन रोकने के लिए लगी वायरमैट में लगी आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझ पाई; लाखों का नुकसान
स्वाला के पास रविवार की रात भूस्खलन और पत्थरों को रोकने के लिए पहाड़ी पर लगी वायरमैट में अराजकतत्वों ने आग लगा दी। सूचना पर दमकल, पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ आग पर काबू पाया।
विस्तार
चंपावत जिला मुख्यालय से करीब 24 किमी दूर एनएच पर स्वाला के पास रविवार की रात भूस्खलन और पत्थरों को रोकने के लिए पहाड़ी पर लगी वायरमैट में अराजकतत्वों ने आग लगा दी। सूचना पर दमकल, पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ आग पर काबू पाया। बताया गया कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
सोमवार को चल्थी चौकी प्रभारी निर्मल लटवाल ने बताया कि रविवार देर रात स्वाला के पास पहाड़ी ट्रीटमेंट के लिए लगाई वायरमैट में अचानक भीषण आग लग गई। बताया कि ग्रामीणों ने देर रात अग्निशमन टीम को जानकारी दी। इसके बाद दमकल, पुलिस और ग्रामीणों ने किसी तरह करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया।
करीब 1500 स्क्वायर मीटर पर आग लगने से काफी नुकसान हुआ है। निर्माण कार्य कर रही केसीसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि आग से लगने से 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। अंदेशा जताया कि शरारती तत्वों ने जान बूझकर इस घटना को अंजाम दिया होगा। इस दौरान ललित भट्ट, चंद्रमणि भट्ट, जगदीश भट्ट, रवीश चंद्र, प्रेम बल्लभ भट्ट, दिनेश भट्ट, पंकज भट्ट आदि मौजूद रहे।