चंपावत। विधानसभा उपचुनाव में डाक मतपत्रों की मतगणना के लिए बृहस्पतिवार को जिला कार्यालय सभागार में सर्विस वोटर के लिए इलेक्ट्रॉनिक ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम (ईटीपीबीएस) से प्राप्त मतों की स्कैनिंग कर गणना कार्य में तैनात सभी कर्मचारियों और एआरओ को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एसडीएम सदर अनिल कुमार चन्याल ने बताया कि सर्विस मतदाता जो सेना और अर्द्धसैन्य बलों में कार्यरत हैं, उन्हें डाक मतपत्र इलेक्ट्रॉनिक रूप से भेजे गए हैं जो उनके मुख्यालय को ऑनलाइन भेजे गए हैं, जिन्हें वह प्रिंट कर मतपत्र को निर्धारित लिफाफे में डाक के माध्यम से भेजते हैं जो मतगणना तिथि को मतगणना शुरू होने के आठ बजे तक डाक विभाग की ओर से निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराए गए सभी डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। इन सभी प्राप्त मतों की गणना से पूर्व मतगणना स्थल में स्कैनिंग कर मिलान किया जाएगा। सर्वप्रथम डाक मतपत्रों की स्कैनिंग होगी, उनमें से वैध मतों को ही गणना टेबल पर भेजा जाएगा। एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने बताया कि ईटीपीबीएस से प्राप्त डाक मतपत्रों की गणना के लिए छह टेबल और 14 कर्मचारी लगाए गए हैं। प्रत्येक टेबल में दो कर्मचारी और दो एआरओ भी तैनात रहेंगे। सहायक नोडल जीवन कलौनी ने कहा कि स्कैनिंग और गणना के दौरान चुनाव आयोग के सभी निर्देशों का पालन करना होगा।