पाटी (चंपावत)। पाटी के मुख्य बाजार के आसपास पेयजल किल्लत से लोग परेशान हैं। चार दिन से पानी की आपूर्ति बाधित होने से नाराज नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को तहसीलदार को ज्ञापन भेजा। एक सप्ताह के भीतर पेयजल आपूर्ति दुरुस्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख चतुर सिंह मेहता का कहना है कि मालाकुड़ी, शास्त्री मार्केट, स्टेशन बाजार, ब्लॉक गेट, थाने के आसपास बीते चार दिन से पानी की आपूर्ति बाधित है। इसके चलते लोगों को दूरदराज से पानी ढोना पड़ रहा है। वहीं नागरिकों ने जल संस्थान के एई और एएई को सप्ताह में दो दिन पाटी में बिठाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रवीन पाटनी, मयंक गहतोड़ी, राकेश पाटनी, चंद्रा लडवाल, खुशाल सिंह, शांति बिष्ट, कमला देवी, ललित पाटनी आदि थे। वहीं जल संस्थान के एएई चंद्रशेखर पंत का कहना है कि जल्द ही पेयजल लाइन को दुरुस्त करा लिया जाएगा।