लोहाघाट (चंपावत)। काली कुमाऊं रेंज अंतर्गत सिंगदा के जंगलों में चार दिन से आग भड़की हुई है। आग से निकल रहे धुएं से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सिंगदा क्षेत्र के ग्रामीण गणेश सिंह, प्रकाश सिंह, शंकर सिंह, अमर सिंह आदि का कहना है कि जंगल में पिछले चार दिनों से आग लगी हुई है। आग से निकल रहे धुएं से लोगों को आंखों में जलन, बुजुर्गों, सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने वन विभाग से जंगल में लगी आग को बुझाने की मांग की है। रेंजर हेम चंद्र गहतोड़ी ने बताया कि मौके पर गई वन विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। उन्होंने बताया कि अराजकतत्वों की ओर से जंगल में आग लगाई गई थी, जिनका पता लगाया जा रहा है। पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।