शारदा उफान पर, ढाई लाख से ऊपर पहुंचा जल स्तर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पर्वतीय इलाकों में बारिश से शारदा उफान पर है। शारदा का जल स्तर ढाई लाख क्यूसेक से ऊपर पहुंचने पर प्रशासन ने शारदा चुंगी क्षेत्र में रेड अलर्ट घोषित कर घाट में लगी दुकानों को हटवा दिया है। वहीं घाट से लगी कालोनी के लोगों को सतर्क करते हुए सुरक्षित स्थान में शरण लेने को कहा गया है। जल स्तर एक लाख क्यूसेक पार करते ही बनबसा बैराज में भी रेड अलर्ट घोषित कर भारत-नेपाल के बीच बैराज से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। नदी तट पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। इधर, पूर्णागिरि मार्ग पर किरोड़ा नाले के उफान से करीब एक घंटा आवागमन ठप रहा। बाटनागाड़ में मलबे से पूर्णागिरि मार्ग बंद हो गया है।
बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार की दोपहर तक क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश जारी रही। पिथौरागढ़ जिले में बादल फटने से शारदा का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ गया। सुबह छह बजे से बढ़ता गया जलस्तर दोपहर 12 बजे तक 2 लाख 76 हजार 915 क्यूसेक पहुंच गया था। पिथौरागढ़ में बादल फटने और शारदा का जल स्तर बढ़ने पर प्रशासन की टीम फौरन बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील शारदा चुंगी क्षेत्र पहुंची। एसडीएम नरेश दुर्गापाल और सीओ आरएस रौतेला के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने घाट क्षेत्र में लगी दुकानों को तत्काल खाली कराया और नदी तट पर बसे लोगों को समय रहते मकान खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी।
एसडीएम दुर्गापाल ने बताया कि बाढ़ निगरानी टीम को सतर्क कर दिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में बारिश से कहीं कोई नुकसान की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि लोनिवि को पूर्णागिरि मार्ग पर बाटनागाड़ में आया मलबा हटाकर शीघ्र मार्ग खोलने को कहा गया है। उधर, बैराज अटेंडेंट जगदीश श्रीवास्तव ने बताया कि पहाड़ों में होने वाली बारिश का पानी बनबसा पहुंचने में छह से आठ घंटे का समय लगता है। शारदा का जलस्तर एक लाख क्यूसेक से कम होने के बाद ही बैराज से वाहनों की आवाजाही सुचारू हो पाएगी।