बारिश ने पंचेश्वर क्षेत्र में बरपाया कहर: ग्रामीणों के खेतों और बगीचों में भरा मलबा, खतरे की जद में आए मकान
तीन दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश ने पंचेश्वर क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। आपदा में जहां सड़क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, वहीं ग्रामीणों के खेत खलिहान रोखड में तब्दील हो गए हैं।
विस्तार
लोहाघाट क्षेत्र में तीन दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश ने पंचेश्वर क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। आपदा में जहां सड़क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, वहीं ग्रामीणों के खेत खलिहान रोखड में तब्दील हो गए हैं। जिला पंचायत सदस्य प्रीति पाठक के प्रतिनिधि व भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोहित पाठक ने 30 किमी पैदल दूरी तय कर आपदा प्रभावित पंचेश्वर क्षेत्र का दौरा कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि आपदा ने सीमांत क्षेत्र के कई गांवों में भारी तबाही मचाई है। किमतोली से पंचेश्वर तक सड़क 20-25 स्थानों में इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त है, इसे अस्थायी रूप से चालू करने में करीब एक माह से अधिक समय लगेगा। पंचेश्वर क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों विविल, खाइकोट और निडिल ग्राम पंचायतों में भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के मकानों में मलबा घुस गया है, गोशाला टूट गई है, आम, केले के बगीचे बह गए, मादरा, धान, मडुवा, गहत, मास की फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। पेयजल लाइन, सिंचाई गूलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
ये पढ़ें- Haldwani Crime: महिला ने बहन पर लगाया नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, मुकदमा दर्ज
जीआईसी विविल तक बच्चों को पहुंचाने वाली गाड़ी बह गई है। पर्यटकों के लिए बनाए गए हट बह गए, झुला पुल क्षतिग्रस्त हो गया है, पंचेश्वर महादेव मंदिर को जाने वाला रास्ता 200 मीटर अधिक पहाड़ टूटने से क्षतिग्रस्त हो गया है।। ग्रामीणों का कहना है कि इतना भयानक मंजर उन्होंने अपने जीवन में कभी नहीं देखा। पाठक का कहना है कि शीघ्र ही सीएम से मिलकर आपदा प्रभावितों को उचित राहत देने की मांग की जाएगी।
चंपावत क्षेत्र में धूरा मंडल अध्यक्ष नवीन भट्ट और भाजपा नेता गोविंद सामंत के नेतृत्व में कैंप कार्यालय के पंकज मेहरा ने पालबिलौना क्षेत्र के आपदा प्रभावित भुम्टा गांव के खेत, पीडीपी स्कूल अमोड़ी, राजकीय महाविद्यालय अमोड़ी, सजौली, खेत खोला, भलवागाड़ी तक निरीक्षण किया। इस दौरान लेखपाल सुनील महरा, सिंचाई, लोनिवि, यूपीसीएल विभाग के अधिकारियों ने नुकसान का जायजा लिया। यहां पानदेव भट्ट, ईश्वरी दत्त भट्ट, जीवन बोहरा, सुंदर बोहरा, ललित भट्ट, बालम बोहरा, दीपक बोहरा, रमेश भट्ट आदि लोग शामिल रहे।
आपदा प्रभावितों लडवाल फाउंडेशन और व्यापार संघ ने वितरित की राहत सामग्री
विकासखंड लोहाघाट के नेपाल सीमा से लगे मटियानी के नकेला क्षेत्र के आपदा पीडि़तों के लिए मद के हाथ बढ़ने लगे हैं। लडवाल फाउंडेशन के निदेशक नरेंद्र सिंह लडवाल के दिशा निर्देशन में डॉ. महेश ढेक ने आपदा पीडितों को कपडे, खाद्यान्न, बिस्तर आदि वितरित किए। वहीं लोहाघाट व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया ने बताया कि व्यापार संघ की ओर से बुधवार को आपदा प्रभावितों के लिए कपडे, कंबल, राशन, रोजमर्रा का सामन, बच्चों के स्कूल बैग भिजवाए जाएंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.