लोहाघाट (चंपावत)। नगर के प्रसिद्ध ऋषेश्वर मंदिर परिसर में बेताल बाबा मंदिर के पास बनाए गए चबूतरे को हटाने के लिए मंदिर के पुजारी सहित लोगों ने प्रदर्शन किया। मंदिर के पुजारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बेताल बाबा मंदिर के करीब 10 मीटर सामने मंदिर समिति और कुछ लोगों ने चबूतरा बनाया है। इसमें मूर्ति लगानी प्रस्तावित है।
पुजारी का कहना है कि बारिश होने के बाद बाड़ीगाड़ की ओर से आने वाली नदी के साथ भारी मात्रा में मलबा आता है जो चबूतरे में टकराकर बेताल बाबा मंदिर में भर जाता है। इससे यहां उन्हें और श्रद्धालुओं को पूजा करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पुजारी देवेंद्र का कहना है कि उन्होंने कई बार समिति और चबूतरा बनाने वाले लोगों से इस स्थान में चबूतरा न बनाने की मांग की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।
पुजारी का कहना है कि मलबे को हटाने के लिए न तो समिति के लोग आते हैं और न ही चबूतरा बनाने वाले ही। इससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शन में दान सिंह पुजारी, देवेंद्र सिंह पुजारी, सुरेश फर्त्याल, नितिन ढेक, दीपक महर, सुनील पुजारी आदि थे। इससे पूर्व पुजारी ने डीएम को ज्ञापन देकर चबूतरे को यहां से हटाकर अन्यत्र बनाने की मांग की है।