लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के खोला सुनार गांव में पेयजल की तीन योजनाएं होने के बावजूद भी ग्रामीण प्यासे हैं। ग्रामीणों ने जल संस्थान के खिलाफ खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया। शीघ्र पेयजल समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने दिवेश लाल वर्मा, मुन्ना वर्मा, योगेश लाल वर्मा के नेतृत्व में गांव में ही प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है खोला सुनार गांव में लाखों रुपये खर्च कर पेयजल की तीन योजनाओं का निर्माण किया गया है। इसके बावजूद भी ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। गांव में अधिकांश लोग 60 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। जिन्हें गाड़-गधेरों से पानी ढोने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन भेज गांव की पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में पार्वती, चंपा, सावित्री, ममता, नीरू, कलावती, भगवती, पूजा, जगदीश वर्मा, दीपक वर्मा, नारायण लाल वर्मा, अशोक वर्मा आदि शामिल रहे। जल संस्थान के एई त्रिवेंद्र जोशी का कहना है कि खोलासुनार गांव की पेयजल योजना ग्राम पंचायत के हैंड ओवर है। जिसका रखरखाव ग्राम पंचायत को ही करना है। वर्तमान में जल जीवन मिशन के तहत खोला सुनार गांव में पंपिंग योजना प्रस्तावित की गई है।