वरिष्ठ नेता और दो बार के विधायक हेमेश खर्कवाल को कांग्रेस का प्रदेश महामंत्री बनाए जाने से उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है।
कांग्रेस सेवादल, युवक कांग्रेस से लेकर कांग्रेस की जिला इकाई में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हेमेश खर्कवाल उत्तराखंड विधानसभा के 2002 में हुए पहले चुनाव में चंपावत सीट से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वह दूसरी बार 2012 में विधायक बने।
विधानसभा के चार चुनाव लड़ चुके खर्कवाल को पिछले चुनाव में शिकस्त मिली थी। इसके बावजूद संगठन की गतिविधियों में सक्रिय रूप से उनकी भागीदारी बनी रही। खर्कवाल पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बेहद भरोसेमंद माने जाते हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम देऊ, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज प्रहरी, सेवादल प्रभारी हरीश चौधरी, भुवन चौबे, सभासद रोहित बिष्ट, सुधीर साह, विकास साह, एडवोकेट श्याम कार्की आदि ने उम्मीद जताई कि खर्कवाल के महामंत्री बनने से संगठन को नई ताकत मिलेगी।