पाटी (चंपावत)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी के उच्चीकरण की मांग के लिए स्थानीय लोग मुखर हो गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर शीघ्र अस्पताल के उच्चीकरण की मांग की है। लोगों ने शीघ्र अस्पताल के उच्चीकरण की दिशा में कोई पहल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
शुक्रवार को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हेमेश कलखुड़िया के नेतृत्व में युवाओं ने अस्पताल के उच्चीकरण की मांग को लेकर पाटी तहसील में एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। लोगों का कहना है कि पाटी ब्लॉक मुख्यालय में 50 हजार से अधिक की आबादी के बीच एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है। इसमें मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। जब भी क्षेत्र में कोई गंभीर मामले या दुर्घटनाएं होती हैं तो लोगों को 45 किलोमीटर चंपावत या 140 किलोमीटर दूर हल्द्वानी की दौड़ लगानी पड़ती है। लोगों ने पाटी पीएचसी का उच्चीकरण कर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, स्टाफ की नियुक्ति की मांग उठाई। चेतावनी दी कि शीघ्र उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो वह आंदोलन के लिये बाध्य हो जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में बबलू पाटनी, लवी पाटनी, पूरन महराना, राहुल मेहता, प्रकाश शर्मा, मोहन सिंह, रतन सिंह, मुकेश जोशी, संदीप मेहता, वीर बहादुर, भुलन सिंह आदि शामिल थे।