संवाद न्यूज एजेंसी, चंपावत। बारिश के कारण आए मलबे की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग अमरूबैंड और चल्थी कठौल के समीप यातायात के लिए अवरूद्ध हो गया है, जिस कारण राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं।
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे मलबा आने की वजह से जिला मुख्यालय में समाचार पत्र, दूध और सब्जियों आदि के वाहन नहीं पहुंच सके। कार्यदायी संस्था की ओर से जेसीबी मशीनों के माध्यम से मलबा हटाया जा रहा है। अलबत्ता खबर भेजे जाने तक रोड को नहीं खोला जा सका था। इसके अलावा मां पूर्णागिरि धाम को जाने वाला मार्ग भी बंद है। ककरालीगेट-ठुलीगाड़ मार्ग में मलबा आने से पूर्णागिरि मार्ग बंद हो गया है। साथ ही सूखीढांग-डांडा मीनार भी मलबा आने के कारण बंद हो गए हैं। अन्य आंतरिक मोटर मार्गो में भी कीचड़ होने कारण वाहनों के संचालन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।