पाटी (चंपावत)। क्षेत्र के पूनाकोट खेल मैदान में एमडी एकादश को हराकर मस्टा एकादश ने मस्टा क्रिकेट प्रतियोगिता पर कब्जा जमाया। शानदार प्रदर्शन करने वाले कपिल बिष्ट को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और बबलू मेहता को प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब दिया गया। मुख्य अतिथि राज्यपाल पुरस्कार विजेता शिक्षक रवीश पचौली ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया।
एमडी इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बबलू के 78 रनों की बदौलत 15 ओवरों में 236 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मस्टा एकादश ने चार गेंद शेष रहते आठ विकेट के नुकसान पर विशाल लक्ष्य को हासिल कर लिया। विजेता टीम के कपिल ने आतिशी पारी खेलते हुए 15 छक्कों और दो चौकों की मदद से 98 रन बनाए। आयोजन समिति ने विजेता टीम को 14 हजार रुपये और ट्राफी दी। जबकि उप विजेता टीम को छह हजार रुपये के साथ ट्राफी दी गई। इस मौके पर दिनेश मेहता, केशर अधिकारी, विक्रम गोस्वामी आदि मौजूद थे।