{"_id":"7ed11ac93f57ffb3f4042b7a0f34a451","slug":"mother-purnagiri-hindi-news-1","type":"story","status":"publish","title_hn":"इस बार पूर्णागिरि मेले के लिए नहीं चलेंगी स्पेशल ट्रेनें!","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
इस बार पूर्णागिरि मेले के लिए नहीं चलेंगी स्पेशल ट्रेनें!
ब्यूरो/अमर उजाला, टनकपुर
Updated Sat, 27 Feb 2016 09:59 PM IST
विज्ञापन
होली के तुरंत बाद से शुरू होने वाले उत्तर भारत के प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। बीते कुछ साल मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही का ग्राफ बढ़ा है। भीड़ के मद्देनजर रेलवे भी दो मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन करता है, लेकिन इस बार रेलवे मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन नहीं करेगा। हालांकि इस बाबत अब तक उच्च स्तर से कोई निर्देश नहीं मिले हैं, लेकिन बड़ी रेल लाइन बिछाने के कार्य के चलते पीलीभीत-बरेली के बीच ट्रेेेनों का संचालन बंद होने से विभाग के अधिकारी भी स्पेशल ट्रेनों का संचालन नहीं होने की बात कह रहे हैं।
विज्ञापन
वहीं, पीलीभीत-बरेली रूट पर ट्रेनों का संचालन बंद होने से जहां इस बार बरेली, कासगंज आदि क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को रेल सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा, वहीं लखनऊ की ओर से आने वाले यात्रियों को बेहतर ट्रेन सुविधा मिलेगी। मेले के दौरान करीब तीन माह के लिए रेलवे की ओर से प्रति वर्ष दो मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन पीलीभीत से किया जाता रहा है। पूरे मेले भर ट्रेनें खचाखच भरी एवं स्टेशन मां के जयकारों से गुंजयमान रहते हैं। अमूमन मार्च या फिर फरवरी में स्पेशल ट्रेनों के संचालन की स्थिति स्पष्ट हो जाती है। इस बार एक जनवरी से ब्राडगेज लाइन के कार्य के चलते पीलीभीत-बरेली रूट पर ट्रेनों का संचालन बंद है। इससे बरेली से आने वाले यात्रियों को दिक्कत आ रही है।
विज्ञापन
स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि वर्तमान में ऐशबाग के लिए सुबह छह बजे एवं रात्रि में एक ट्रेन का संचालन किया जा रहा है, जबकि पीलीभीत के लिए तीन एवं शाहजहांपुर के लिए एक ट्रेन का संचालन हो रहा है। कुल छह अप एवं छह डाउन ट्रेनों से यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने मेला स्पेशल ट्रेन के संचालन पर कहा कि अभी इसके लिए निर्देश नहीं आए हैं। पूर्व में ऐशबाग के लिए दो डिब्बे पीलीभीत से आगे जुड़ते थे। वर्तमान में पूरे 12-11 डिब्बे की ट्रेन सीधे ऐशबाग के लिए चल रही है। इससे ऐशबाग से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन