लोहाघाट (चंपावत)। विकास खंड बाराकोट के तड़ाग गांव में हुई पहली खुली बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा करने के साथ एक वर्ष के दौरान किए जाने वाले कार्यों की रूप रेखा तय की गई। ग्राम प्रधान नेहा बोहरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में ग्राम विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ललित मोहन भट्ट, रंजना फर्त्याल ने वर्ष 2019-20 में राज्य वित्त व केंद्रीय वित्त से मिली धनराशि की जानकारी दी।
ग्रामीणों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया। ग्राम प्रधान नेहा ने कहा कि गांव के सभी लोगों को साथ लेकर विकास की योजना बनाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। ब्लाक प्रमुख विनीता फर्त्याल ने कहा कि खुली बैठक के माध्यम से हर पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना है। ज्येष्ठ प्रमुख नंदा बल्लभ बगौली ने गांव के प्रत्येक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर देने पर जोर दिया। बैठक में ग्रामीणों को समाज कल्याण विभाग की ओर से दी जाने वाली वृद्धा, दिव्यांग, परित्यकता, किसान पेंशन आदि की जानकारी देकर पात्र लोगों को आवेदन करने के तरीके बताए गए। इस मौके पर पूर्व प्रधान होशियार बोहरा, दीपक तड़ागी आदि ग्रामीण मौजूद थे।