लोहाघाट (चंपावत)। सुंई में टीके की होली के अवसर पर होल्यारों ने धूम मचा दी। सुंई के आदित्य महादेव मैदान में टीके के दिन होने वाली होली देखने के लिए जिले के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
मुख्य अतिथि आईटीबीपी के कमांडेंट बसंत कुमार नोगल, बीएनके के संरक्षक प्रशांत वर्मा भी होली में शामिल हुए। ग्राम प्रधान भुवन चौबे और प्रमुख होल्यार राजेश चौबे के निर्देशन में होल्यारों ने कुंवर भरत के साथ हरि मथुरा को गये, भुजा उठाया हस्तिय मारा, हस्थि के दंत उखेड़ हरि मथुरा को गये, वो टलने की नाहीं जो जो लिखी विधि ब्रह्मा, होरी खेलें पिया वरकी फरकी, दध लूटो नंद को लाल प्यारे मोहनियां, थाकड़ थैया-थैया होत वृंदावन में आदि होली गीतों का गायन किया। अंत में हमरो शिवा जोहार न हैतो होरी चली घर आपना, काही के आंगन लाला रंगीलो ढप बाजे, सबकी भौजाई जीरौ लाल रंगीलो ढप बाजे, भौजी को देवर जी रौ लाल रंगीलो ढप बाजे आशीष के साथ होली का समापन किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान भुवन चौबे, सचिन जोशी, रमेश खर्कवाल, केशव दत्त, महेश गरसाड़ी, नवीन चौबे, ललित पुजारी, हेम जोशी, गणेश दत्त, ऊर्बा दत्त आदि थे।