{"_id":"14a9bbb48cb82c1604e53d9c88995c32","slug":"he-spoke-at-a-public-meeting-tanakpur-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"तेजी से विकास करने वाले राज्यों में उत्तराखंड भी शामिल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तेजी से विकास करने वाले राज्यों में उत्तराखंड भी शामिल
ब्यूरो/अमर उजाला, टनकपुर
Updated Thu, 11 Feb 2016 10:48 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में सरकार ने चार साल में कोई कसर नहीं छोड़ी है। चार साल के कार्यकाल की समीक्षा के लिए ही उन्होंने जन संवाद यात्रा शुरू की है। मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय दोनों ने विधायक हेमेश खर्कवाल की तारीफ करते हुए कहा कि विकास के लिए लड़ने वालों में हेमेश उत्तराखंड के विधायक नंबर वन हैं।
विज्ञापन
तुलसीराम चौराहे पर हुई जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजी से विकास करने वाले देश के छह राज्यों में उत्तराखंड भी शामिल है। राज्य में आठ मेडिकल और आठ नर्सिंग कालेज जल्द खुलेंगे। कहा कि उन्होंने आपदा की त्रासदी के वक्त कुर्सी संभाली थी। कहा जा रहा था कि चारधाम यात्रा शुरू होने में कम से कम दस साल लगेंगे, लेकिन सरकार ने तेजी से काम कर एक साल में ही यात्रा शुरू करा दी। उन्होंने कहा कि किसानों को प्रोत्साहित करने को सरकार पहाड़ी उपजों पर बोनस दे रही है। किसानों को कृषि उपकरण बांटे जा रहे हैं। उत्तराखंड ऐसा पहला राज्य है जो किसानों को पेंशन भी दे रहा है। उन्होंने कहा कि चार साल में उत्तराखंड 1.33 प्रतिशत वार्षिक विकास की दर से आगे बढ़ा है। 2018 तक विकास की यह दर 17 से 18 प्रतिशत तक पहुंचना सरकार का लक्ष्य है। विकास से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बेरोजगारी की समस्या खत्म होगी।
विज्ञापन
कहा कि विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ पाने वालों की संख्या दो लाख से बढ़कर छह लाख पहुंच गई है। अप्रैल से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा की राशि पचास हजार से बढ़ाकर डेढ़ लाख की जा रही है। फसल बीमा के प्रीमियम में भी सरकार किसानों को मदद देने जा रही है। मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छे दिन का सपना दिखाकर केंद्र की सत्ता पर काबिज भाजपा की पोल खुलने लगी है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि देश का किसान और आम जनता दूरबीन लगाकर देख रहा है कि अच्छे दिन कहां पहुंचे हैं। आज पहाड़ की गहत दाल मोदी की अरहर से टक्कर ले रही है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि सरकार बेटियों और दादियों को पौष्टिक आहार दे रही है। जल्द ही सरकार चार विभागों में सिर्फ बेटियों की भर्ती शुरू करने जा रही है। विभिन्न विभागों में तीस हजार नए पद सृजित कर भर्ती शुरू कराई जाएगी। सभा को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, विधायक हेमेश खर्कवाल, नगर अध्यक्ष मो. याकूब अंसारी आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर राज्य महिला सशक्तिकरण परिषद की उपाध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी, जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय, जिलाध्यक्ष डा.मोहन राम आर्य, देवेंद्र सिंह, महेश चंद, भगीरथ भट्ट, राजू रावत, अमित भट्ट, अनिल चौधरी आदि मौजूद थे। संचालन मंडी समिति अध्यक्ष हरीश भट्ट ने किया।