बेरहमी की हद: नेपाल से पिकअप में ठूंसकर लाई गईं बकरियां, सात मृत मिलीं; छह आरोपी हिरासत में
नेपाल से पिकअप में ठूंसकर लाई जा रही 40 बकरियों में सात मृत मिलीं। एसएसबी ने छह आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंपा, जहां पशु क्रूरता अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज हुई।
विस्तार
नेपाल के डडेलधुरा क्षेत्र से शारदा नदी पार कर चूका में एक पिकअप में बेरहमी से ठूंस कर लाई जा रही 40 बकरियों में सात बकरियों के मृत मिलने का मामला प्रकाश में आया है। एसएसबी ने रात में पेट्रोलिंग के दौरान वाहन पकड़ा तो उसमें क्रूरता से ठूंसी बकरी मिलने पर तत्काल वाहन सवार सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया। एसएसबी ने मय माल आरोपियों को पुलिस को सुपुर्द किया। पशुओं का पशु चिकित्साधिकारी से चेकअप कराया गया। कोतवाली पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि एसएसबी की के एसआई चंदन सिंह के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार की रात करीब 9:10 बजे चूका रूपालीगाड़ के पास संदेह होने पर पिकअप संख्या यूके06 सीसी1495 को रोका। जांच करने पर पिकअप में बेरहमी से ठूंसी 40 बकरियां मिलीं, जांच करने पर पिकअप के अंदर ही सात बकरी मृत थी। इस पर एसएसबी ने वाहन सवार उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत के पूरन पुर निवासी मो. शकील, मोहम्मद सफीक, खटीमा के फईम , टनकपुर के अंबेडकर निवासी सुरेश, नेपाल के डडेलधुरा निवासी राजेंद्र बहादुर, सुरेंद्र बहादुर जौहार को मय माल पकड़ा।
बुधवार की सुबह मय माल पुलिस को सुपुर्द किया। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज कर दी है। ठूलीगाड़ चौकी इंचार्ज एसआई हरीश पुरी ने बताया कि जांच जारी है। इधर, एसएसबी के एसआई सिंह ने बताया कि वाहन में एक के ऊपर एक बकरियों को ठूंसा गया था। पशु क्रूरता का इस तरह का पहला मामला सीमा पर सामने आया है।