चंपावत। खाद्य सुरक्षा और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को नगर की कई दुकानों में छापे मारे। इस दौरान बासी मिठाइयों को नष्ट करवाया गया। नमकीन और शीतल पेय के दो सैंपल भी लिए गए।
डीएम एसएन पांडेय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र कठायत के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मंगलवार को जनरल स्टोर, रेस्टोरेंट, होटल, मिठाई की दुकानों, फल सब्जी, दूध बिक्री केंद्रों पर औचक छापे मारे। इस दौरान एक दुकान में बासी पेठा पाया गया। दो दुकानों में मियाद समाप्ति वाली नमकीन और कोल्ड ड्रिंक बरामद हुई, जबकि सब्जी की दुकानों में सड़ी सब्जियां भी बरामद हुईं। टीम ने सब्जियों और पेठा को नष्ट कर भविष्य में खराब खाद्य पदार्थ न बेचने की चेतावनी दी। नमकीन और शीतल पेय के सैंपल भी भरे गए। होटल स्वामियों और मिठाई विक्रेताओं को खाद्य पदार्थ ढककर रखने के निर्देश दिए गए। टीम में खाद्य सुरक्षा अभिहित अधिकारी योगिता तिवारी, पूर्ति निरीक्षक दीपक ठाकुर, संजय कुमार आदि रहे।