विवाद का बदला लेने के लिए एक युवती ने ही बना दी दूसरी युवती की फर्जी फेसबुक आईडी
फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अपमानजनक पोस्ट प्रसारित करना पाटी ब्लॉक की एक युवती को भारी पड़ा। पुलिस ने आरोपी युवती का 81 पुलिस एक्ट में चालान किया है। आरोपी युवती ने अपना जुर्म कबूल करने के साथ लिखित रूप में माफी मांगी गई है।
एसआई चंद्र सिंह रावत ने बताया कि पाटी ब्लॉक निवासी एक युवती ने विगत चार मई को पाटी थाने में पत्र देकर अज्ञात व्यक्ति की ओर से उसकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर सोशल मीडिया में उसके विरुद्ध अपमानजनक पोस्ट प्रसारित कर उसे परेशान करने की बात कही थी।
साइबर सैल की जांच में उसकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वाले की पहचान ब्लॉक निवासी एक युवती के रूप में हुई ।
आरोपी युवती ने अपना जुर्म स्वीकारा
पुलिस ने आरोपी युवती और उसके परिजनों को थाना पाटी में बुलाकर पूछताछ की गई। आरोपी युवती ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि पीड़िता से विवाद होने के कारण उससे बदला लेने के लिए उसने पीड़िता फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अपमानजनक पोस्ट प्रसारित की थी।
आरोपी ने लिखित में माफीनामा देने तथा भविष्य में दुबारा ऐसा अपराध नहीं करने की बात कही। पीड़िता की ओर से आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने की मांग करने पर आरोपी का 81 पुलिस एक्ट में चालान कर भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत दी गई। पुलिस टीम में साइबर सैल प्रभारी एसआई विरेंद्र सिंह रमोला, भुवन पांडेय, एसआई चंद्र सिंह रावत, पूनम राणा आदि शामिल रहे।