लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना महामारी गुमदेश के चैतोला मेले में श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं डिगा पाई। ग्रामीणों की ओर से चमू देवता की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान चमू देवता का आशीर्वाद लिया।
शुक्रवार को चौपता, मड़, नेवलटुकरा, सीलिंग, बसकुनी, जाख, जिंडी, सिरकोट आदि गांवों में त्योहार मनाया गया। पुल्ला, पोखरी, खेतकुनी और गुरेली में बृहस्पतिवार को त्योहार मनाया गया था। लोगों ने लीक (महा प्रसाद) को तलकर सुबह चमू देवता, शिलिंग के केदारज्यू, मड़ के महिषासुर मर्दनी मंदिर में चढ़ाया। पं. शंकर दत्त पांडेय, पं. मदन कलौनी, पं. चंद्रशेखर कलौनी की ओर से विधिवत पूजा अर्चना के बाद दोपहर बाद रिमझिम बारिश के बीच मड़ गांव से ढोल नगाड़ों के साथ चमू देवता की शोभायात्रा निकली। जगत सिंह धामी रथ पर सवार होकर लोगों को आशीर्वाद दे रहे थे। दुर्गम रास्तों को पार करते हुए शोभायात्रा जमानीगढ़ में कुछ समय के लिए रुकी। इसके बाद 12 गांवों के जत्थों ने बारी-बारी से अपने समय के अनुसार मंदिर की परिक्रमा की।