चंपावत। जिला मुख्यालय में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में साप्ताहिक बंदी सख्ती से लागू करने का निर्णय लेने के साथ अन्य प्रस्ताव भी पारित किए गए। व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में रविवार को होने वाली साप्ताहिक बंदी को सख्ती से लागू करने की मांग उठी।
व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष प्रकाश तिवारी के कार्यालय में आयोजित इस बैठक में व्यापारियों का कहना था कि कुछ व्यापारी बंदी के दिन भी दुकान खोले रहते हैं, लिहाजा इस पर कार्रवाई की जाय। बैठक में किसी भी व्यापारी के निधन पर शोकसभा करने और शवयात्रा निकलने तक दुकानों के शटर नीचे करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा कोरोना संक्रमण के चलते जागरूकता अभियान चलाने, दुकानों में ताला टूटने व चोरी की वारदातों को रोकने के लिए रात्रिकालीन चौकीदार तैनात करने, रैली सभा का आयोजन रामलीला स्टेज या गोरल मैदान में करने, नगर में बेहतर यातायात व पार्किंग, बांट माप की पंजीकरण सुविधा चंपावत में देने आदि मामलों पर चर्चा हुई। बैठक में जिला महामंत्री सतीश जोशी, नगर महामंत्री नवल जोशी, उपाध्यक्ष सतीश तिवारी, कोषाध्यक्ष केदार जोशी, विक्रम खाती, श्याम नारायण पांडेय, डॉ. यशवंत बोहरा, विकास साह, दीपक लारा, प्रकाश पांडेय, रमेश अधिकारी, नवीन जोशी, डिकर सिंह, स्वर्ण सिंह आदि मौजूद थे।