टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सोमवार को हुई बार एसोसिएशन की बैठक में आपसी सहमती से फैसला हो गया है। बैठक में तय किया गया कि बराबर मत हासिल करने वाले दोनों ही प्रत्याशी अब छह-छह माह के लिए अध्यक्ष बनेंगे। इस मौके पर पहले छह माह के लिए अधिवक्ता विजय शुक्ला को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर बृजेश सक्सेना और कोषाध्यक्ष पद पर सुरेश चंद का सर्वसम्मति से मनोनयन किया गया है।
बता दें कि पूर्णागिरि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए गत 14 अगस्त को हुए मतदान में दोनों प्रत्याशी क्रमश: विजय शुक्ला और उमेश चंद्र डुंगरिया को 13-13 वोट मिले थे। चुनाव नतीजा बराबर रहने के बाद सोमवार को एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बैठक कर सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद को लेकर उक्त फैसला लिया है। जबकि एसोसिएशन के सचिव पद पर कमल गड़कोटी, उप सचिव पद पर त्रिभुवन सजवान व लेखा परीक्षक पद पर विजय चंद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। बैठक मेें एडी गहतोड़ी, एलडी नरियाल, अंबा दत्त गड़कोटी, शंकर दत्त गड़कोटी, शिव कुमार आदि अधिवक्ता मौजूद थे।