टनकपुर (चंपावत)। पुलिस ने विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 11 दिसंबर की रात हुए चोरी के प्रयास का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से घटना में प्रयुक्त औजार भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसे पता था कि स्कूल की अलमारी में नकदी रहती है, लेकिन अलमारी काटतेे समय कटर खराब होने से वह अलमारी में रखे रुपये नहीं चुरा पाया था।
शहर की विष्णुपुरी कॉलोनी स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 11 दिसंबर की रात चोरी का प्रयास हुआ था। प्रधानाचार्य राकेश चंद्र पांडेय ने पुलिस को तहरीर दी थी। तब से चोरों की सुरागकशी में जुटी पुलिस ने सोमवार को इस घटना का खुलासा कर दिया। थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी वासुदेव कुमार राठौर थाना माधोटांडा जिला पीलीभीत यूपी के कलीनगर वार्ड चार का निवासी है। आरोपी के पास से लोहा कटर और ताले तोड़ने के औजार भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले ही उसने स्कूल में लगे सीसी कैमरों का कनेक्शन काट दिया था और दूसरे दिन चोरी का प्रयास किया था। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई योगेश दत्त, कांस्टेबल उमेश गिरी, महेश कुमार आदि थे।