Adi Kailash Yatra 2024: आदि कैलाश यात्रियों का चंपावत पहुंचने पर जोरदार स्वागत, तीसरा दल धारचूला पहुंचा
चंपावत जिला मुख्यालय में आदि कैलाश यात्री दल का वापस लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया। नगर में आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने पहले दल के 28 आदि कैलाश यात्रियों को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंपावत जिला मुख्यालय में आदि कैलाश यात्री दल का वापस लौटने पर जोरदार स्वागत किया गया। नगर के आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने पहले दल के 28 आदि कैलाश यात्रियों को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि तीन साल बाद आदि कैलाश के यात्री चंपावत आए हैं। यह सभी के लिए खुशी की बात है। इससे क्षेत्र का पर्यटन कारोबार बढ़ेगा।
दल में शामिल बैंगलूर निवासी आनंद (74) ने बताया कि यात्रा धार्मिक और प्राकृतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि वह चार बार धारचूला से आदि कैलाश तक पैदल यात्रा कर चुके हैं। पांचवीं बार उन्होंने वाहन से यात्रा की है। व्यवस्थाएं पहले से अच्छी हुई हैं। यात्री सूमा (74) ने बताया कि पहली बार आदि कैलाश के दर्शन पाकर अभिभूत हुई हैं। यह बहुत अच्छा अनुभव है।
पिथौरागढ़ केएमवीएन की ओर से संचालित ओम पर्वत और आदि कैलाश की यात्रा कर दूसरे दल के यात्री बूंदी लौट आए हैं। भोलेनाथ के दर्शन से यात्री काफी उत्साहित हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम साफ होने से यात्रियों को दोनों जगहों पर अच्छी तरह दर्शन हुए।
केएमवीएन पर्यटक आवास गृह धारचूला के प्रबंधक धन सिंह बिष्ट ने बताया कि पहला दल और एक्सप्रेस दल के यात्री दर्शन कर काठगोदाम लौट चुके हैं। दूसरे दल के 35 यात्रियों ने सोमवार को आदि कैलाश के दर्शन किए। इसके बाद यात्री रात्रि विश्राम के लिए बूंदी लौट आए। तीसरे दल के 31 यात्री रविवार को पिथौरागढ़ पहुंचे। यात्रियों का पर्यटक आवास गृह में प्रबंधक दिनेश गुरुरानी के नेतृत्व में स्वागत किया गया।यात्रियों को हिमालय बचाओ अभियान की शपथ दिलाते और छह भोजपत्र के पौधे देकर यहां से धारचूला को रवाना किया गया। यात्रा में आठ यात्री धारचूला से शामिल होंगे। सभी यात्रियों का धारचूला में मेडिकल किया गया। साथ ही इनरलाइन पास बनाए गए। यात्री मंगलवार को बूंदी के लिए रवाना होंगे। बुधवार को तीसरे दल के यात्री बूंदी से सीधे नाभीढांग ओम पर्वत दर्शन के लिए रवाना होंगे। वहां से लौटकर रात्रि विश्राम गुंजी में करेंगे।
यात्रियों को करना पड़ रहा है दिक्कतों का सामना
आदि कैलाश यात्रा में बड़ी संख्या में मैदानी क्षेत्रों से लोग बगैर जानकारी के पहुंच रहे हैं। इसके चलते उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार धारचूला और उससे ऊपरी क्षेत्रों में रहने के लिए ऐसे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षमता से अधिक पास जारी होने से ऐसे यात्रियों को रहने, खाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसे यात्री केएमवीएन पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक से रात में ठहरने देने के लिए गुहार लगा रहे हैं।