लोहाघाट: बिशंग के चार मंदिरों में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
लोहाघाट के बिशंग में चार मंदिरों में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सामग्री बरामद की है।
विस्तार
लोहाघाट शहर के बिशंग के चार मंदिरों में हुई चोरियों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई सामग्री बरामद की है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह कप्रवाण के दिशा-निर्देशन में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि बिशंग के कड़ाई मंदिर, कर्णकरायत भूमियां मंदिर, ग्राम मोत्यूराज के महादेव मंदिर, ग्राम झलानदेव के इष्टदेव मंदिर और ग्राम कालादेव में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। मंदिरों में हुई चोरी को लेकर प्रदीप सिंह देव और विशन मुरारी ने तहरीर दी थी।
थानाध्यक्ष ओम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के बाद गहन पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। बताया कि 29 अक्तूबर को अनुज सिंह फर्त्याल (23) निवासी कलचौड़ा और सचिन सिंह देव (25) निवासी झलानदेव को गिरफ्तार किया गया।