टनकपुर (चंपावत)। हल्द्वानी वन प्रभाग के डीएफओ डॉ. चंद्रशेखर सनवाल ने सोमवार को शक्तिमान ट्रक, स्टोन क्रशर मालिकों और वन विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने शेष बची रॉयल्टी शीघ्र जमा करने के निर्देश दिए। तय हुआ कि शेष बची रॉयल्टी की राशि स्टोन क्रशर स्वामी जमा कर ट्रक मालिकों से खुद वसूलेंगे। वन विभाग के विश्राम गृह में हुई बैठक में डीएफओ ने कहा कि खनिज निकासी बंद होने में तीन दिन का समय बचा है। 30 मई से खनिज की निकासी बंद हो जाएगी। इन तीन दिनों में ट्रक मालिकों से करीब 20 लाख रुपये रॉयल्टी की वसूली होनी है, जो तीन दिन में वसूल हो पाना संभव नहीं है। ट्रक मालिकों ने भी तीन दिन में शेष रॉयल्टी जमा करने में असमर्थता जताई। तय हुआ है कि फिलहाल क्षेत्र के कुमाऊं, शारदा स्टोन क्रशर स्वामी शेष बची रॉयल्टी की राशि जमा करेंगे और फिर बाद में वे ट्रक मालिकों से वसूलेंगे। बैठक में एसडीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव, रेंजर गोविंद सिंह रजवार, वन बीट अधिकारी कैलाश सिंह, शक्तिमान ट्रक एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ज्याल योगी, महेश सिंह, मनोज गुप्ता, जीडी खुल्लर आदि थे।