चंपावत। जिला सभागार में डीएम विनीत तोमर की अध्यक्षता में मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण अभियान की टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। डीएम ने सीएमओ डॉ.आरपी खंडूरी को टीकाकरण के संबंध में प्रचार प्रसार किए जाने और किसी कारण से नियमित टीकाकरण से वंचित रहे लाभार्थियों का शत प्रतिशत टीकाकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएमओ ने बताया कि जिले में फरवरी में बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य 143 का था, जबकि 150 बच्चों का टीकाकरण किया गया। इसी प्रकार गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण का लक्ष्य 23 का था इसमें 25 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मन्नू खन्ना ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष की शुरुआत 22 फरवरी से हुई है जो 22 मार्च तक चलेगा। इसके तहत उन बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा, जिनका टीकाकरण किसी कारणवश छूट गया था। जिला टास्क फोर्स की बैठक में एडीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, डीपीओ पीएस बृजवाल, डॉ.श्वेता खर्कवाल, डॉ.एचएस ह्यांकी, डॉ.जुनैद, गौरव पांडेय और मदन राणा आदि उपस्थित थे।