श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर ब्लॉक के नंदा धाम नंदकेशरी में एक दिवसीय धार्मिक मेले का आयोजन हुआ। शुक्रवार को सुबह धरातल्ला के रावत पुजारियों और गढ़वाल-कुमांऊ के सैकड़ों की संख्या में आए श्रद्धालुओं ने धरातल्ला गांव से गुप्तगंगा तक देव यात्रा निकाली, और पौराणिक शिव-पार्वती मंदिर मे पूजा-अर्चना की। इस दौरान देवी-देवताओं के पश्वाओं ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। श्रद्धालुओं ने मांगल-जागर और झोड़ा नृत्यों के साथ देवी-देवताओं की स्तुति कर क्षेत्र के सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर निवर्तमान क्षेत्र पंचायत प्रमुख उर्मिला बिष्ट, पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल, महावीर बिष्ट, नंदा बल्लभ, पुष्कर बिष्ट, राजेंद्र दानू, कृपाल भंडारी, दर्शन दानू, केशर सिंह बिष्ट सहित गढ़वाल और कुमांऊ के सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग कर पुण्य अर्जित किया।