गौचर मेला: सीएम धामी की बड़ी घोषणा, सिमली अस्पताल पर बनेगी समिति, मेडिकल कॉलेज के लिए केंद्र को प्रस्ताव
गौचर मेले के मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली को स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के क्षेत्र में नई सौगात देने की बात कही। उन्होंने सिमली महिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजने और अस्पताल से जुड़े मामले में समिति गठित करने की घोषणा की।
विस्तार
सिमली महिला अस्पताल को मेडीकल कालेज बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाएगा। साथ ही सिमली अस्पताल वाले मामले में जल्द समिति गठित की जाएगी। यह घोषणाएं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 74वें राजकीय ओद्योगिक सांस्कृतिक एवं विकास मेले के उद्घाटन अवसर पर की। सीएम धामी ने कहा कि यह मेला पीएम नरेंद्र मोदी के वोकल फॉल लोकल की थीम को धरातल पर उतारता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर मेले को उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह मेला वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ था। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र था। अब यह औद्योगिक और सांस्कृतिक मेले के रूप में देशभर में अपनी पहचान बना चुका है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर देने का प्रयास कर रही है। कृषि, बागवानी, पशुपालन और पर्यटन जैसी गतिविधियों से उनकी आय बढ़ाने पर जोर है। चमोली के ऊनी हस्तशिल्प और अन्य उत्पादों को देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की शुरुआत की गई है।
इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से चमोली जनपद का सर्वांगीण विकास होगा। इससे पूर्व सीएम ने दीप प्रज्ववलन कर मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के विविध रंग बिखेरे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को गौचर मेले का शुभंकर भेंट किया। वहीं गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं एवं पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।
पत्रकारिता-साहित्य में योगदान के लिए लखेड़ा और नवानी सम्मानित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दो व्यक्तियों को सम्मानित किया। वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026 प्रदान किया गया। वरिष्ठ लेखक और प्रकाशक कीर्ति नवानी को पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026 मिला। मुख्यमंत्री ने दोनों को बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की।
कर्णप्रयाग में 37 करोड़ की पेयजल योजनाएं लोकार्पित
मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं पर कुल 37 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। इनमें अमृत 2.0 के तहत गौचर नगरीय पेयजल योजना शामिल है। इसकी स्वीकृत लागत 32.45 करोड़ रुपये है। दूसरी योजना गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत की है। इस पर 459.32 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इन योजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी और स्थानीय नागरिकों को लाभ मिलेगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
