कपकोट (बागेश्वर)। जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव ने अधिकारियों को आपदा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए।
कपकोट ब्लॉक मुख्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव ने पीएमजीएसवाई के ईई अनिल कुमार को तोली-बघर, हरसिला-कन्यालीकोट, शाम-गोगिना, रिखाड़ी-बाछम, चीराबगड़-पोथिंग आदि सड़कों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें यातायात के लिए सुगम बनाने को कहा। लोनिवि के ईई संजय पांडेय को पोलिंग-गैरखेत, दुनी-सुकुंडा, भयूं-गुलेर मोटर मार्ग को गड्ढा मुक्त बनाने, दारसिंग-गडेरा सड़क पर पुल बनाने को कहा। पीमएजीएवाई और लोनिवि के ईई ने 15 भीतर दिन के भीतर आपदा के कारण क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों का सुधारीकरण करने की बात कही।
बैठक में ग्रामीणों ने जिपं अध्यक्ष को बताया कि कोरोना काल में उनके आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। उन्हें आधार कार्ड बनवाने के लिए बागेश्वर जाना पड़ता है। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर रोहित बहुगुणा ने कहा कि सोमवार से कपकोट ब्लॉक में बाल विकास विभाग की ओर से आधार कार्ड बनाए जाएंगे। लोगों ने अध्यक्ष से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था करने और नेटवर्क की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। बैठक में ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, पूर्व ब्लॉक प्रमुुख मनोहर राम, लक्ष्मण कपकोटी, मुन्ना कपकोटी, कनिष्ठ प्रमुख कवींद्र गढ़िया, लछी राम, दीप गढ़िया, लोकपाल सिंह, उमराव सिंह आदि मौजूद थे। संवाद