बागेश्वर। पहाड़ के कई गांव में इन दिनों जागर और बैसी का कार्यक्रम जोरशोर से चल रहा है। लोग अपने कुल देवताओं की शरण में जाकर सुख, समृद्धि, शांति की मन्नत मांग रहे हैं। जागर समाप्ति के बाद कुल देवताओं को तीर्थ स्थलों पर नहलाया जा रहा है। कई क्षेत्रों के लोग रोज पूरी बिरादरी के साथ सरयू नदी के पवित्र जल में देवी-देवताओं को स्नान करा बागनाथ मंदिर में पूजा, अर्चना कर रहे हैं।
जिले के साथ ही बाहर से भी लोग बड़ी संख्या में सरयू धाम में आ रहे हैं। कपकोट, भराड़ी, सोमेश्वर, द्वाराहाट, अल्मोड़ा, गरुड़, रीमा, दानपुर समेत कई क्षेत्रों के लोग सरयू धाम में कुल देवताओं को पवित्र जल में नहला रहे हैं। सोमेश्वर के लद्यूड़ा गांव में भी आजकल बैसी चल रही है। इसके नवें दिन रविवार को ग्रामीण सरयू, गोमती के संगम पर स्नान करने पहुंचे। पारंपरिक हुड़का, चिमटे और छिलुके की मशाल के साथ ग्रामीण गांव से यहां कुल देवताओं को स्नान कराया। ग्राम प्रधान खीम सिंह बोरा ने बताया कि पहले हरज्यू मंदिर में ही बैसी लगती थी लेकिन इस साल गांव के गोलज्यू मंदिर में भी पहली बार बैसी लगी है। दो दिन के बाद भंडारे के साथ बैसी का समापन होगा। गांव छोड़ चुके लोग भी इन दिनों अपने कुल देवता से मनोकामना की पूर्ति के लिए घर की ओर आ रहे हैं।