बागेश्वर। खोली गांव की पुरानी गिरेछिना पेयजल योजना से पूरे गांव की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वहां से हर तीसरे दिन दो से तीन घंटे तक ही पानी मिल पाता है। स्यूनी गधेरे में शिव मंदिर के पास से खोली गांव के लिए पेयजल योजना बन रही है लेकिन दो माह से पेयजल योजना का निर्माण कार्य बंद है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर काम अधूरा छोड़ने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण पाइपलाइन से आ रहा पानी लोगों के घर, आंगन में घुस रहा है। घर, खेतों की कच्ची दीवारें टूटकर गिरने लगी हैं। इससे उन्हें परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अभी खेत खाली हैं। अभी टंकी बनाने के लिए भी जगह मिल सकती है लेकिन ठेकेदार की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ती जा रही है। वहीं जल निगम के ईई सीपीएस गंगवार ने बताया कि फसल बचाने के लिए ग्रामीण लाइन के लिए जमीन नहीं खोदने दे रहे थे। अब ठेकेदार से शीघ्र काम शुरू करवाने को कहा जाएगा।