बागेश्वर। सड़क और मुआवजे की मांग के लिए चुनाव बहिष्कार का एलान करने वाले चुचेर के ग्रामीणों को स्वीप की टीम ने मतदान के लिए राजी कर लिया है। ग्रामीणों ने 14 फरवरी को अनिवार्य रूप से मतदान करने की शपथ ली।
चुचेर गांव तक सड़क का काम पूरा नहीं होने से ग्रामीणों में खासी नाराजगी थी। ग्रामीण सड़क निर्माण में काटी गई जमीन का मुआवजा देने की मांग भी कर रहे थे। अपनी मांगों को लेकर पिछले सप्ताह ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन दिया और चुनाव में भागीदारी नहीं करने का एलान किया था। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर स्वीप की टीम और पीएमजीएसवाई के अधिकारी मंगलवार को चुचेर पहुंचे। जहां ग्रामीणों से काफी देर तक वार्ता हुई। आखिरकार ग्रामीणों ने चुनाव में भाग लेने के लिए रजामंदी दे दी। ग्राम प्रधान भूपाल सिंह कोरंगा ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में ग्रामीण अपनी संपूर्ण भागीदारी करेंगे। वहां पर दयाल चंद्र जोशी, हेम पाठक, राम चंद्र जोशी, दीवार सिंह ऐठानी आदि थे। इधर, बागेश्वर ब्लॉक में स्वीप की टीम ने रुनीखेत में चलने वाले सेना भर्ती प्रशिक्षण शिविर में जाकर युवाओं को मतदाता जागरूकता टीशर्ट बांटी। वहां पर डॉ. हरीश दफौटी, ललित मोहन जोशी, विजय गोस्वामी आदि थे।