{"_id":"59b6cf0c4f1c1bfa7f8b63bf","slug":"vehicles-dropped-in-bageshwar","type":"story","status":"publish","title_hn":"डंपर खाई में गिरा, चालक और एक महिला की मौत ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
डंपर खाई में गिरा, चालक और एक महिला की मौत
ब्यूरो/अमर उजाला, कपकोट (बागेश्वर)।
Updated Mon, 11 Sep 2017 11:29 PM IST
विज्ञापन
बागेश्वर में गिरा वाहन
- फोटो : अमर उजाला
कपकोट (बागेश्वर)। निर्माणाधीन कपकोट-उतरौड़ा-लीली सड़क पर गैनाड़ गांव के पास डंपर के अनियंत्रित होकर दो सौ मीटर गहरी खाई में गिरने से चालक और एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक इलाज के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। तीन अन्य घायलों का सीएचसी में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
कपकोट-उतरौड़ा-लीली सड़क निर्माण का ठेका महालक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी को मिला है। इसके लिए डंपर (यूके 02 सीए 0610) भी काम पर लगा है। सोमवार सुबह चालक धाम सिंह मर्तोलिया (41) पुत्र नर सिंह निवासी फरसाली, डंपर लेकर अपने साथियों गणेश शाही (42) पुत्र गोविंद शाही निवासी असौं, सुनील कुमार (30) पुत्र रमेश राम निवासी रैथल और निजामुद्दीन (22) पुत्र जामरुद्दीन निवासी रेवाड़ा, संभल (मुरादाबाद) के साथ जा रहा था। रास्ते में पनौरा गांव के पास ग्राम पंचायत कपकोट की रमा देवी (45) पत्नी कुंदन सिंह कपकोटी और उनकी देवरानी लीला देवी (36) पत्नी नरेंद्र सिंह ने डंपर चालक से लिफ्ट मांगी।
विज्ञापन
बताया जाता है कि सुबह करीब 7:30 बजे गैनाड़ के पास पहुंचते ही डंपर अनियंत्रित हो गया और करीब दो मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक धाम सिंह और रमा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा गणेश शाही, सुनील कुमार, निजामुद्दीन और लीला देवी घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची 108 सेवा से घायलों को सीएचसी कपकोट में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
यहां सुनील की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक इलाज के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया। सुनील के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर एसडीएम रवींद्र बिष्ट, थानाध्यक्ष एसपीएस रायपा और तहसीलदार पीएस बिष्ट के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाला। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं।