बागेश्वर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों के तीन शिक्षिकाओं का चयन राज्य स्तरीय कला प्रतियोगिता में हुआ है। मंडल स्तर पर पोस्टर चित्रांकन में पूनम, लोक चित्रकला में भावना लोहनी और लघु चित्रकला में अनुराधा रानी ने पहला स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है।
शनिवार को डायट में हुए सम्मान समारोह में कार्यक्रम समन्वयक डायट प्रवक्ता डॉ. मनोज चौहान ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रयास की सराहना की। उन्होंने बताया कि 2021-22 की कला प्रतियोगिता में जिला स्तर पर पोस्टर चित्रांकन में नम्रता बिष्ट ने पहला, पूनम ने दूसरा, लोक चित्रकला में भावना लोहनी ने पहला, दीपा पांडेय ने दूसरा, लघु चित्रकला में अनुराधा रानी ने पहला, अनीता बिष्ट ने दूसरा और कंपोजिशन में हरिमोहन कंसेरी ने पहला स्थान हासिल किया था। इस दौरान चयनित और जिला स्तर के विजेता सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रमाण पत्र और आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डायट प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र सिंह धपोला, रवि कुमार जोशी, कैलाश प्रकाश चंदोला, डॉ. चंद्र मोहन जोशी, डॉ. बीडी पांडेय, डॉ. केएस रावत आदि थे।