कपकोट/बागेश्वर। जिला रेडक्रॉस सोसायटी जरूरतमंदों तक राशन पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उसने बृहस्पतिवार को कपकोट के नामिक और हीरामणि ग्लेशियर की तलहटी पर बसे गोगिना क्षेत्र में लोगों को कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जागरूक किया। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के वायस चेयरमैन संजय साह जगाती के नेतृत्व में संस्था के सदस्यों ने गोगिना, रातिरकेटी, हांम्टीकापड़ी, खुरमुला में जरूरतमंद 32 लोगों को राशन किट बांटे। हिमालय की तलहटी में बसे इस क्षेत्र में गेहूं और चावल की पैदावार नहीं होती है। इस दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव आलोक पांडेय, जगदीश चंद्र उपाध्याय, डॉ. हरीश दफौटी, जीवन पांडेय, मोइउद्दीन अहमद तेवाड़ी, शिक्षक ललित मोहन जोशी आदि थे। गोगिना की प्रधान शीतल रौतेला ने सोसायटी का आभार जताया। वहीं कपकोट की उत्तर भारत हाइड्रो पावर प्राइवेट लिमिटेड ने 100 किट बांटे। कंपनी के प्रबंधक कमलेश जोशी ने बताया कि प्रशासन से मिली सूची के आधार पर कपकोट ब्लॉक के कन्यूटी, डोडिला, चीराबगड़, तिमलाबगड़, परमटी, बांसे, सलिंग, रीठाबगड़ में राशन किट बांटे गए। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रभा गढ़िया, आरएसआई किशन नाथ गोस्वामी, डीएस बोरा आदि थे। ग्राम पंचायत गैरखेत में ग्राम प्रधान निर्मला फर्त्याल ने जरूरतमंद लोगों को राशन बांटा।