राइंका बॉजीरौठ दरख्त गिरा, बालबाल बचे बच्चे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कमस्यार क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ हुई बारिश से राजकीय इंटर कालेज बॉजीरौठ के परिसर में पॉपलर का एक बड़ा पेड़ उखड़ गया। पेड़ स्कूल के पीछे वाले हिस्से में गिरने से बच्चे बाल-बाल बच गए। परिसर में कई अन्य खड़े बड़े-बड़े पेड़ खतरे को दावत दे रहे हैं। उधर भयूं गडेरा सड़क पर डामरीकरण नहीं होने के कारण परगड़ गांव में उसने नाली का रूप ले लिया है। सड़क में पानी भरने से वहां कई घरों पर खतरा मंडराने लगा है। इधर भारी बारिश से मंडलसेरा में एक ग्रामीण के घर का आंगन ध्वस्त हो गया है। शौचालय और स्नानागार में दरारें पड़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार राइंका बाजीरौठ में पॉपलर के छह बड़े-बड़े पेड़ हैं। इनमें से एक पेड़ शनिवार को अंधड़ की चपेट में आने से उखड़ गया। पेड़ भवन के पीछे की तरफ गिरने से बच्चों की जान बच गई। ग्राम प्रधान भगवान भंडारी और पीटीए अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी ने कहा कि पेड़ भवन के ऊपर गिरता भारी नुकसान हो सकता था। गत वर्ष उन्होंने विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष को पत्र देकर पेड़ों को कटवाने की मांग की थी। वन विभाग ने पेड़ों पर निशान भी लगाए थे, लेकिन कटान आज तक नहीं किया गया है।
ग्राम प्रधान नवीन जोशी, रमेश लाल, रेखा भंडारी और ख्याली राम आदि ने जिलाधिकारी से पेड़ों को कटवाने के लिए अपने स्तर से शीघ्र कारगर कदम उठाने की मांग की है। इधर भारी बारिश से मंडलसेरा ग्राम पंचायत के बानरी तोक में दरबान गिरि के घर का आंगन ध्वस्त हो गया है जबकि शौचालय और स्नानागार में दरारें पड़ गई हैं जिससे मकान के गिरने का खतरा है। क्षेत्रीय पटवारी ने मौका मुआयना कर अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को दे दी है। ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित को मुआवजा देने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
उधर कपकोट ब्लाक की भयूं गडेरा सड़क ने परगड़ गांव में नाली का रूप ले लिया है। पानी के निकास के कोई इंतजाम नहीं होने से विशन सिंह समेत चार लोगों के घरों को खतरा बना है। ग्राम प्रधान विमला देवी ने बताया कि लोनिवि को कई बार सड़क की हालत सुधारने के लिए कई बार मांग कर दी है, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत शीघ्र नहीं सुधरने पर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।