बागेश्वर। मानसून सीजन शुरू होने के बाद से जिले में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। बिजली की कटौती, लाइन टूटने, पोल बहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को रीठागाड़ और धूराफाट क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। पूरी रात क्षेत्रवासियों ने बिना बिजली के गुजारी। बिजली कटौती होने से आक्रोशित क्षेत्र के लोगों ने बृहस्पतिवार को ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। करीब 20 घंटे बाद बृहस्पतिवार की दोपहर में क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
धूराफाट और रीठागाड़ क्षेत्र में बिजली की लाइन में खराबी आने के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। क्षेत्रवासियों ने बृहस्पतिवार सुबह कठपुड़ियाछीना में ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इधर, ऊर्जा निगम के ईई मो. अफजाल ने कहा कि क्षेत्र में बारिश के बाद बिजली की लाइन में फॉल्ट आ गया था। फॉल्ट को दुरुस्त कर आपूर्ति सुचारु करा दी गई है।