बागेश्वर। लापता पुलिस कर्मी की खोजबीन के लिए परिजनों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। परिजनों ने लापता जवान का पता न लगने पर जिला मुख्यालय में धरना देने का एलान किया है।
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़) के लोहाथल निवासी मोहन सिंह मंगलवार को परिजनों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने दो माह से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस में तैनात पुत्र का कहीं पता न लगने पर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम विनीत कुमार को दिए पत्र में कहा कि उनका बेटा ललित कुमार आठ वर्षों से बागेश्वर में पुलिस कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था। बीते 11 अगस्त को ललित तैनाती स्थल से कहीं चला गया। तब से उसका कहीं पता नहंी चल पाया।
उन्होंने कहा कि 22 अगस्त को उन्होंने इस संबंध में पत्र दिया था लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। ललित के लापता होने से परिजन सदमे में हैं। उनका कहना है कि लापता जवान का पता न लगने पर परिजन 20 नवंबर से जिला मुख्यालय में धरना देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन, प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। डीएम ने परिजनों को खोजबीन का भरोसा दिलाया है। प्रदर्शन में चंपा देवी, हरीश राम, अजय कुमार आदि शामिल थे।