कांडा/बागेश्वर। कमेड़ीदेवी-स्यांकोट मोटर मार्ग पर चल रहे डामरीकरण के कार्य की गुणवत्ता पर लोगों ने सवाल खड़े करते हुए प्रदर्शन किया। कार्य में सुधार न लाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
इन दिनों कमेड़ीदेवी-स्यांकोट सड़क पर डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। सड़क पर रविवार को सोलिंग से पूर्व पत्थर बिछाने का काम चल रहा था। ग्रामीणों ने सड़क पर बिछाए जा रहे पत्थरों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इन लोगों का कहना था कि सड़क पर बिछाए जा रहे पत्थरों की गुणवत्ता ठीक नहीं है। इससे सड़क जल्द ही खराब हो जाएगी। सड़क धंसने लगेगी। सड़क पर किया जाने वाला डामर भी उखड़ जाएगा। कहा कि डामरीकरण से पहले सोलिंग में मजबूत पत्थरों का उपयोग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ठेकेदार और विभाग को गुणवत्ता से समझौता नहीं करने दिया जाएगा।
क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रद्धा जोशी, ग्राम प्रधान सेरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि वर्षों बाद सड़क पर डामरीकरण के लिए बजट स्वीकृत हुआ है। उसमें भी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन में प्रधान जाखनी ईश्वर मेहता, भंतोला ललिता प्रसाद जोशी, नंदन धामी, गणेश धामी आदि थे।