कपकोट/बागेश्वर। भालू के हमले में घायल ग्रामीण को बागेश्वर और हल्द्वानी के अस्पतालों में प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर किया गया है। इससे चिंतित ग्रामीणों ने डीएम से मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत रातिरकेटी के तोक सतगढ़ निवासी गोविंद सिंह मेहता (55) पुत्र धन सिंह पर रविवार तड़के पांच बजे खेत में गेहूं बोने जा रहे थे। तभी भालू के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बागेश्वर और हल्द्वानी में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राममूर्ति अस्पताल बरेली में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई गई है। ग्रामीणों ने सोमवार को डीएम रंजना राजगुरु को ज्ञापन सौंपकर मुआवजा दिलाने की मांग की।
डीएम ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान पूर्व प्रधान विजय सिंह, कुंदन सिंह, कमल सिंह, यशवंत सिंह, भूपाल सिंह, रमेश सिंह, कविंद्र कोरंगा, गोविंद सिंह आदि थे। वहीं ग्लेशियर रेंज कपकोट की रेंजर शशि देव ने बताया कि भालू को पकड़ना आसान नहीं है। घायल के परिजनों को चेक से सहायता राशि सौंपी जाएगी।