Karwa Chauth: जमीन ही नहीं पहाड़ पर भी करवाचौथ का क्रेज, तैयारियों में जुटीं सुहागनें; इस बार बन रहा खास योग
कुमाऊं के सभी जिलों में करवाचौथ (Karwa Chauth 2023) को लेकर बाजार में रौनक देखने को मिली। करवाचौथ के मौके पर महिलाओं ने जमकर श्रृंगार सामग्री खरीदी। बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ के ग्रामीण इलाकों में करवाचौथ को लेकर क्रेज बढ़ने लगा है।
विस्तार
उत्तराखंड के कुमाऊं के सभी जिलों में करवाचौथ (Karwa Chauth 2023) को लेकर बाजार में रौनक देखने को मिली। करवाचौथ के मौके पर महिलाओं ने जमकर श्रृंगार सामग्री खरीदी। बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ के ग्रामीण इलाकों में करवाचौथ को लेकर क्रेज बढ़ने लगा है। महिलाएं जमकर खरीददारी कर रही हैं।
बागेश्वर में करवाचौथ को लेकर बाजार में श्रृंगार की सामग्री से बाजार सजा दिखा। वहीं, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, हल्द्वानी, नैनीताल के बाजारों में दुकानें सजी दिखी। यहां बाजारों में कई दिनों से महिलाओं की भीड़ उमड़ी हुई हैं। बाजारों में चारों ओर महिलाएं मेहंदी लगाती हुई नजर आई।
करवाचौथ को देखते हुए कपड़े, ज्वेलरी की दुकानों पर दिनभर रौनक दिखी। जहां महिलाओं ने साड़ी व ज्वेलरी की खरीददारी की। वहीं श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर भी दिनभर भीड़ दिखी।
बता दें कि, पिछले कुछ सालों से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में करवाचौथ का क्रेज बढ़ा है। पहले पहाड़ों में इस पर्व को लेकर इतना उत्साह नहीं था लेकिन अब शहरों के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी महिलाओं में इस पर्व का क्रेज बढ़ गया है।
करवाचौथ पर बन रहा खास योग, जानें पूजा का मुहूर्त और चंद्रोदय का समय
करवाचौथ पर दुर्लभ 'शिव' योग बन रहा है। इस योग में माता करवा की पूजा करने से व्रती को महादेव का आशीर्वाद प्राप्त होगा। इस बार चतुर्थी तिथि की 31 अक्तूबर रात 9:30 मिनट पर शुरू होगी और एक नवंबर रात 9:19 मिनट पर समाप्त होगी। करवा चौथ व्रत का समय सुबह 6:36 बजे से रात 08:26 बजे तक रहेगा। पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:44 से रात 07:02 मिनट तक रहेगा। चंद्रोदय का समय संध्याकाल में 08 बजकर 26 मिनट पर है।