बागेश्वर। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत नुमाइशखेत मैदान में फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन किया गया। दौड़ को विधायक चंदन राम दास ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने युवाओं से शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहकर देश और समाज की सेवा में योगदान देने को कहा।
फिट इंडिया फ्रीडन रन का आयोजन नेहरू युवा केंद्र, युवा कल्याण, खेल विभाग, एनसीसी और एनएसएस ने कराया। दौड़ को रवाना कराते हुए विधायक ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य शरीर को फिट रखने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है। जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देवी ने युवाओं से फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज के तहत स्वयं को तंदुरुस्त रखने को कहा। डीएम विनीत कुमार ने दौड़ को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने युवाओं को फिट इंडिया फ्रीडम रन की शपथ भी दिलाई। दौड़ का आयोजन नुमाइशखेत मैदान से शुरू होकर बाजार का चक्कर लगाते हुए तहसील मार्ग, विकास भवन मार्ग होकर नुमाइशखेत तक किया गया। संचालन नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी स्निग्धा सिंह ने किया। इस मौके पर सीडीओ डीडी पंत, एनएसएस के जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव निगम, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, उपक्रीड़ाधिकारी जुबैद अहमद, ईओ राजदेव जायसी, डॉ. एजल पटेल आदि मौजूद रहे।