बागेश्वर। नगर क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू रसोई गैस का दुरुपयोग किया जा रहा है। इसकी शिकायत मिलने पर पूर्ति विभाग की टीम ने सोमवार को रेस्टोरेंट, होटल और ढाबों में छापे मारे। इस दौरान घरेलू गैस के नौ सिलिंडर जब्त किए गए।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा के निर्देश पर पूर्ति विभाग की तीन टीमों ने सोमवार को कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जाकर ईंधन की जांच की। पहली टीम ने कांडा रोड, सरयू पुल, भराड़ी रोड, दुग बाजार, नुमाइशखेत और दूसरी टीम ने बिलौना, तहसील रोड, गोमती पुल, विकास भवन रोड और कलक्ट्रेट सड़क पर छापे मारे। पूर्ति विभाग की तीसरी टीम ने स्टेशन से एसबीआई तिराहे तक और मुख्य बाजार से गोमती पुल तक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रसोई गैस सिलिंडरों की जांच की। पूर्ति अधिकारी वर्मा ने बताया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू रसोई गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए टीमों ने गैस बुक, रीफिलिंग आदि की जांच की। कहा घरेलू गैस के अवैध उपयोग को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने गैस सर्विस के प्रबंधक बीबी तिवारी से व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की रीफिलिंग संबंधी जानकारी सप्ताहभर में पूर्ति कार्यालय में देने को कहा। छापेमारी में पूर्ति निरीक्षक रणवीर, कमल भट्ट, आराधना राणा, बृजमोहन, विपिन, रवींद्र नेगी, राजन राम, कमल शर्मा, वीरेंद्र खत्री और पुलिस टीम शामिल थी।