बागेश्वर। विभागीय संविदा पर तैनाती देने और सातवें वेतनमान का लाभ देने की मांग को लेकर सैनिक कल्याण विभाग के उपनल संविदा कर्मियों ने बुधवार को भी कार्यबहिष्कार कर धरना दिया।
दीप चंद्र बिष्ट के नेतृत्व में कार्यबहिष्कार के दौरान धरने पर बैठे उपनल संविदा कर्मियों ने कहा कि वह लोग कई वर्षों से विभाग की सेवा कर रहे हैं। लगातार मांग के बाद भी उन लोगों को विभागीय संविदा प्रदान नहीं की जा रही है। विभागीय संविदा पर तैनाती न मिलने से उन लोगों को कई लाभों से वंचित होना पड़ रहा है। वेतन भी समय पर नहीं मिलता है। वर्ष 2007 में विभागीय संविदा प्रदान करने का शासनादेश हो चुका है लेकिन आज तक इस शासनादेश को लागू नहीं किया गया। कहा कि सातवें वेतनमान के लाभ से उन लोगों को वंचित कर दिया गया है। सोबन सिंह बिष्ट, महेश कांडपाल, जगदीश, नरेंद्र सिंह, मनोज कुमार, कमला तिवाड़ी आदि ने कहा कि मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।