बागेश्वर। राजकीय सम्मान के साथ बीएएसफ जवान की सरयू घाट पर अंत्येष्टि हुई। जवानों ने हवाई फायर कर जवान को अंतिम सलामी दी।
चिपौली (बागेश्वर) के 48 वर्षीय हयात सिंह पपोला पुत्र स्वर्गीय जीत सिंह पपोला की श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। रविवार को सरयू घाट पर बड़े बेटे मुकेश और छोटे बेटे पवन ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। गार्ड ऑफ ऑनर के लिए पहुंचे बीएसएफ के एसआई नितेश कुमार ने बताया कि बीएसएफ की 163 बटालियन में सहायक उपनिरीक्षक हयात सिंह वर्तमान में पपोला श्रीनगर में तैनात थे। 25 सितंबर की सुबह वह रोजाना की तरह मैदान में व्यायाम कर रहे थे। तभी अचानक वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़े। साथियों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। मौत की वजह अटैक पड़ना बताया जा रहा है। हयात सिंह 1988 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। उनके चार बच्चे हैं। सरयू घाट पर जवान का शव पहुंचने की खबर सुनते ही सैकड़ों लोग अंतिम विदाई देने आ पहुंचे।
एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक महेश चंद्र जोशी, नायब तहसीलदार दीपिका आर्या, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, कांग्रेस नेता राजेंद्र टंगड़िया ने पुष्प चक्र भेंट कर जवान को श्रृद्धांजलि अर्पित की। बीएसएफ के एसआई पीतांबर सिंह, एएसआई नरेंद्र सिंह भंडारी, पूर्व सैनिक गोपाल सिंह, पूरन राम, केएस बिष्ट, बीडीसी सदस्य मनोज जोशी समेत सैकड़ों लोगों ने जवान को अंतिम विदाई दी।