बागेश्वर। पुंगरघाटी के दोफाड़, चौरा, छानीखेत, नाघर, वनलेख क्षेत्र में इस बार लोगों को 22 दिन की देरी से रसोई गैस मिली है। रसोई गैस न बंटने से लोग परेशान थे।
पुंगरघाटी क्षेत्र में प्रत्येक माह की आठ और नौ तारीख को रसोई गैस का वाहन जाता था। इस महीने एक दिन भी रसोई गैस का वाहन इलाके में नहीं पहुंचा। पुंगरघाटी निकास मंच के संयोजक हरीश कालाकोटी, मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रत्येक माह आठ और नौ तारीख को इलाके में रसोई गैस बंटती है। सितंबर में इन तिथियों को गैस नहीं बंटी। रसोई गैस न बंटने से लोग परेशान हो गए थे। लोगों को 18 किमी दूर जिला मुख्यालय जाकर गैस सिलिंडर रिफिल कराने पड़ रहे थे। बुधवार को रसोई गैस का एक वाहन पहुंचा तो लोगों ने राहत की सांस ली। बागेश्वर इंडेन एजेंसी के प्रबंधक प्रकाश पंत ने बताया कि इस माह गैस के सिलिंडर कम आने से दिक्कत आई। आगे से नियमित रूप से पुंगरघाटी में रसोई गैस वितरित की जाएगी।