बागेश्वर। नुमाइशखेत के रामलीला भवन में शनिवार की रात बैठकी होली समागम हुआ। नगर के प्रमुख होल्यारों ने देर रात तक होली गायन कर रंग जमाया। वरिष्ठ होल्यारों के साथ युवा गायकों ने भी सुर मिलाए और पारंपरिक बैठकी होली की विधा की बारीकियां सीखी।
बैठकी होली का शुभारंभ होल्यारों ने सरस्वती वंदना से किया। होल्यारों ने राग काफी, विहाग, खम्माज, जंगला काफी, भैरवी, दादरा, पीहू, जैजैवंती सहित तमाम रागों पर आधारित होलियों का गायन किया। इस दौरान गुइयां होरी मैं खेलूंगी आज उन्हीं के संग जाके बाल घुंघराले और सांवरा रंग.., मनसुख लाओ हो मृदंग नाचत.., आई री दइया आई सब सखियन बन ठन.., मैं तो सगरी भीग गई.., लाल भये नंदलाल.. सहित तमाम होलियां गाईं गई। कार्यक्रम में चंद्र लाल साह, पंकज पांडेय, बसंत बल्लभ पांडेय, उमेश लाल साह, हेमंत साह, पूरन पालनी, नवीन साह, कौशल उपाध्याय, सूरज जोशी आदि थे।