बागेश्वर। पशुपालन विभाग ने शनिवार को ग्राम पंचायत करासमाफी में शिविर लगाया। इस मौके पर पशुपालन विभाग ने पशुपालकों को दवाएं बांटी।
करसमाफी गांव निवासी सुंदर सिंह बिष्ट ने पिछले माह सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसलिए पिछले सप्ताह वहां कृषि विभाग का भी शिविर लगा चुका है। इसके दूसरे चरण में शनिवार को पशुपालन विभाग के पशुधन प्रसार अधिकारी भाष्करानंद जोशी, प्रसार अधिकारी नवीन चंद्र उप्रेती, सहायक राजेश जोशी, सहायक जोगेंद्र लाल गांव पहुंचे। गांव के सेवानिवृत्त सैनिक फतेह सिंह करायत, कुंदन सिंह, ईश्वर सिंह, दिनेश सिंह, जीवन सिंह, शंकर सिंह, मोहन जोशी, पूरन जोशी, तारा बल्लभ जोशी, महेश लाल, पनी राम आदि ने टीम को बताया कि अधिकतर लोग खेती और पशुपालन करते हैं। उनके पास इसके अलावा दूसरा कोई भी आजीविका का साधन नहीं है लेकिन पशुओं के बीमार होने से ग्रामीण परेशान हैं। इसलिए पशुपालन विभाग ने अपने सचल पशु चिकित्सा वाहन को गांव भेजकर पशुओं में होने वाले रोगों के कारण, लक्षण, बचाव की जानकारी दी। जरूरतमंद पशुपालकों को दवाइयां भी बांटी गई। बकरी, मत्स्य, कुक्कुट पालन आदि व्यवसायों की जानकारियां दी गईं। अधिकारियों ने दो-तीन महीने के अंतराल में दोबारा शिविर लगाने का भी आश्वासन दिया। ब्यूरो