बागेश्वर। जीबी पंत हिमालयन पर्यावरण संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जेसी कुनियाल ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के बिना हमारा भविष्य मुश्किलों से भरा होगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सॉलिड, बॉयोमेडिकल, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट और वायु प्रदूषण से संबंधित कार्यों का बेहतर निस्पादन करना जरूरी है।
बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी विनीत कुमार की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान कोसी कटारमल अल्मोड़ा के वैज्ञानिकों की टीम ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड देहरादून द्वारा वित्त पोषित प्रोजेक्ट जिला पर्यावरण प्रबंधन प्लानिंग से संबंधित कार्यों की जानकारी दी। डीएम ने अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस नीति के तहत कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने वैज्ञानिकों को इस क्षेत्र में कार्य कर रही परियोजनाओं को स्थापित करने के लिए पहाड़ी क्षेत्रों को विशेष छूट प्रदान करने की बात कही। उन्होंने नगर निकाय, जल संस्थान, पेयजल निगम, वन विभाग और विकास प्राधिकरण से प्रस्तावित किए गए प्रारूप को तैयार कर पर्यावरण संस्थान अल्मोड़ा को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्यशाला में पर्यावरण संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. सुमित राय, डॉ. कपिल केसरवानी, सीडीओ डीडी पंत, डीएफओ बीएस शाही समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे।